अहमदाबाद। गुजरात के भरूच जिले के वागरा तालुका के सायखा GIDC में स्थित ‘सिंजिल फार्मा’ कंपनी में एक रिएक्टर अचानक फट गया।
प्रोडक्शन प्रोसेस के दौरान हुआ ये विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं पांच गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए भरूच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिएक्टर में विस्फोट से हुआ हादसा
रिएक्टर में विस्फोट होने से ये हादसा हुआ है। रिएक्टर में क्या प्रक्रिया चल रही थी और विस्फोट कब हुआ, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
माना जा रहा है कि विस्फोट किसी रासायनिक प्रक्रिया में गड़बड़ी, तकनीकी खराबी या दबाव में बदलाव के कारण हुआ होगा, लेकिन सटीक कारण विशेषज्ञों की जांच के बाद ही पता चलेगा।
स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और औद्योगिक सुरक्षा विभाग मौके पर पहुंच चुके हैं और गहन जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
भरूच के सायखा जीआईडीसी क्षेत्र में स्थित एक फार्मा कंपनी में हुई इस घटना ने रासायनिक और फार्मा इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्पादन इकाई में सुरक्षा उपकरणों की स्थिति, रिएक्टर के नियमित रखरखाव और सुरक्षा नियमों के पालन की भी जांच की जाएगी। यदि कंपनी प्रबंधन की ओर से लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, अधिकारी आधिकारिक सूचना और जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

