मुख्य समाचार

बैंक की कुर्की से परेशान व्यक्ति ने गोली मारकर की आत्महत्या

इंदौर, विजय नगर इलाके में सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बैंक की टीम जब कोर्ट के आदेश पर एक मकान की कुर्की (सीलिंग) की कार्रवाई करने पहुंची, तो मकान मालिक ने मानसिक तनाव में आकर खुद को गोली मार ली. इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार, मृतक की पहचान 51 वर्षीय हेमंत ब्रह्मवंशी के रूप में हुई है, जो इंदौर प्रीमियर कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत थे. कोर्ट के आदेश पर बैंक की टीम और वकील पुलिस बल के साथ उनके घर मॉर्गेज लोन की रिकवरी और मकान सील करने पहुंचे थे. टीम को देख हेमंत बेहद परेशान हो गए. उन्होंने बैंक कर्मचारियों और वकील से हाथ जोड़कर लोन की राशि जमा करने के लिए सिर्फ एक दिन की मोहलत मांगी. लेकिन बैंक के अधिकारियों ने नियम और कोर्ट आदेश का हवाला देते हुए समय देने से साफ इनकार कर दिया.

पत्नी और बेटे के सामने उठाया खौफनाक कदम 

मंजूरी न मिलने से हताश हेमंत घर के भीतर गए और अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली. घटना के वक्त उनकी पत्नी और बड़ा बेटा घर पर ही मौजूद थे. गोली की आवाज सुनते ही घर में कोहराम मच गया. परिजन और पड़ोसी उन्हें तुरंत घर से 200 मीटर दूर अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हथियार और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है, लेकिन बैंक टीम द्वारा बनाए गए दबाव और घटना की परिस्थितियों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

Related Articles

Back to top button