BREKING NEWS

बर्खास्त शिक्षक के घर में पुलिस का छापा, AK 47 कारतूस और दो तमंचे समेत गिरफ्तार ; छात्रा से दुष्कर्म में जा चुका जेल

नैनीतालः उत्तराखंड के हल्द्वानी में मंगलवार को शिक्षा विभाग से बर्खास्त शिक्षक के घर से एके 47 का एक कारतूस, दो तमंचे और 17 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि आरोपी पूर्व शिक्षक छात्रा से दुष्कर्म में जेल जा चुका है।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा पुलिस की ओर से आपरेशन क्रेकडाउन के तहत बनभूलपुरा में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि गौजाजाली उत्तर, बनभूलपुरा के आयशा मस्जिद निवासी मोबिन खान के घर पर हथियार मौजूद हैं। मोबिन खान आए दिन परिवार के साथ झगड़ा करता रहता है और तमंचे के बल पर उन्हें धमकाता रहता है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापा मारा। जिसमें एके 47 का एक कारतूस, 315 और 12 बोर के दो तमंचे बरामद किए। साथ ही उसके कब्जे से विभिन्न बोर के 17 कारतूस भी बरामद हुए। आरोपी को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षा विभाग से बर्खास्त शिक्षक है और उसके खिलाफ मुखानी थाना में पूर्व में पोक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत है। इस मामले में आरोपी 07 वर्ष जेल की हवा खा चुका है। आरोपी अभी न्यायालय से अपील पर है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी बरामद तमंचे और कारतूस को कहां से लेकर आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने आम जनता से अपील की है कि अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति निवास करता है और अवैध गतिविधियों की आशंका हो तो पुलिस को सूचित करें।

Related Articles

Back to top button