खेल

शिवम के दो चौके गेम चेंजर-कोच गंभीर

एजेंसियां— अहमदाबाद, गौतम गंभीर का मानना है कि टीम गेम में प्रत्येक खिलाड़ी का छोटा या बड़ा योगदान महत्त्वपूर्ण होता है, लेकिन भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से इसका अभाव रहा है। भारत के हैड कोच ने कहा कि अगर शिवम दुबे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 वल्र्ड कप 2026 के मैच में 19वें ओवर दो चौके नहीं लगाए होते, तो संजू सैमसन की 97 रन की मैच विजेता पारी की कोई बात नहीं कर रहा होता। गंभीर ने कहा कि जब तक वह कोच हैं, प्रत्येक खिलाड़ी के योगदान का पूरे सम्मान के साथ उल्लेख किया जाएगा। गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस से कहा, मुझे खुशी है कि आप सभी के योगदान के बारे में बात कर रहे हैं, क्योंकि कई सालों से हम केवल कुछ विशेष योगदानों के बारे में ही बात करते रहे हैं।

यह एक टीम गेम है और यह हमेशा टीम गेम ही रहेगा। उन्होंने कहा, मेरे लिए शिवम के दो चौके भी उतने ही महत्त्वपूर्ण हैं, जितने संजू के 97 रन, क्योंकि अगर उसने वे दो चौके नहीं लगाए होते, तो आप उस (97 रन की पारी) के बारे में बात भी नहीं करते। गंभीर ने कहा, बड़ा योगदान सुर्खियां बटोरता है, लेकिन छोटा योगदान भी महत्त्वपूर्ण होता है, क्योंकि वह टीम को जीत दिलाने में मदद कर सकता है, उसे लक्ष्य तक पहुंचा सकता है। इसीलिए मैं कहता हूं कि जब तक मैं इस पद पर हूं, हमारी आगे भी यही नीति रहेगी।

सच कहूं, तो मुझे आंकड़ों पर भरोसा नहीं

दुनिया भर के कोच आंकड़ों को महत्वपूर्ण मानते हैं, लेकिन इनमें गंभीर शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा, सच कहूं तो मुझे आंकड़ों पर भरोसा नहीं है। मैंने कभी आंकड़े देखे ही नहीं। मैं उन पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं करता, क्योंकि मुझे लगता है कि वे अधिकतर सहज ज्ञान पर आधारित होते हैं। कोच ने कहा, टी-20 क्रिकेट में सहज ज्ञान और उस सहज ज्ञान पर भरोसा करना ही सब कुछ है। खेल और टी-20 प्रारूप के बारे में मुझे जो भी जानकारी है, मैं उसे कप्तान को देने और जितना हो सके उनकी मदद करने की कोशिश करता हूं।

संजू सैमसन ने बड़ा बोझ हटा दिया

अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का कहना है कि संजू सैमसन इतने अच्छे इनसान हैं कि हर कोई चाहता है कि वह अच्छा प्रदर्शन करें और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 वल्र्ड कप में खेली गई उनकी निर्णायक पारी ने उनके प्रशंसकों पर से भी दबाव कम कर दिया होगा। गावस्कर ने कहा, 97 रन की इस नाबाद पारी ने न सिर्फ संजू सैमसन पर से बड़ा बोझ हटा दिया, बल्कि उन लोगों पर से भी बोझ उतार दिया, जो जानते हैं कि वह कितने बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। उनके करियर में उतार-चढ़ाव आए हैं। वह बहुत ही अच्छे इंसान हैं। हर कोई चाहता है कि वह अच्छा प्रदर्शन करें।

Related Articles

Back to top button