Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बेटे की शादी वाले दिन और बेटी की शादी के अगले ही दिन एक पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर खामगांव-नांदुरा मार्ग के कोलासर फाटा के पास आज सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई. मृतक की पहचान पंढरी त्र्यंबक बगाडे के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार दुपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बताया जा रहा है कि पंढरी बगाडे के परिवार में इन दिनों शादी का माहौल था. उनकी बेटी का विवाह समारोह एक दिन पहले ही संपन्न हुआ था, जबकि आज बेटे की बारात घर से निकलने वाली थी. घर में शादी की रौनक और मेहमानों की चहल-पहल के बीच अचानक सुबह हुई इस घटना ने सबकुछ बदल कर रख दिया.
परिवार के लोग अभी शादी की रस्मों में व्यस्त थे कि अचानक हादसे की खबर पहुंची. यह खबर सुनते ही परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक अब मातम छा गया था. रिश्तेदार और गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं.
इलाके में शोक की लहर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और आगे की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार पहले से ही बेटी की शादी के बाद बेटे के विवाह की तैयारियों में जुटा था. ऐसे समय में परिवार के मुखिया की अचानक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

