नागौर में हनुमान बेनीवाल के प्रभाव वाले इलाके में भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा पर जानलेवा हमला हुआ है. बिना नंबर प्लेट वाली कैम्पर गाड़ी ने विधायक की फॉर्च्यूनर कार को टक्कर मार दी. हमलावरों ने काफिले की दूसरी गाड़ी को भी निशाना बनाने की कोशिश की.
गोविंदी टोल नाके पर हुआ हमला
घटना जयपुर-नागौर मार्ग पर गोविंदी टोल नाके के पास हुई. जब विधायक रेवंतराम डांगा का काफिला टोल से गुजर रहा था, तभी एक बिना नंबर वाली कैम्पर गाड़ी ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी. हमलावर रुकने को तैयार नहीं थे और काफिले की दूसरी गाड़ी पर भी हमला करने की कोशिश की. विधायक और उनके समर्थकों ने तुरंत साहस दिखाते हुए हमलावरों का पीछा किया. करीब 25 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. डीडवाना-कुचामन एसपी को तुरंत जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी लगाकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया.
“सोची-समझी साजिश” का आरोप
विधायक रेवंतराम डांगा ने हमले को सोची-समझी साजिश बताया. उन्होंने कहा कि कुछ युवक किसी के बहकावे में आकर यह हरकत कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ पर भी इसी इलाके में हमला हुआ था. अब मुझ पर हुआ है.”रेवंतराम डांगा खींवसर से विधायक हैं. उन्होंने हनुमान बेनीवाल की पत्नी को हराकर यह सीट जीती थी.

