मेरठ : जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र में सात माह के एक बच्चे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि मुरलीपुर गांव निवासी अमित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी मीनाक्षी के व्यवहार को लेकर दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिकायत के अनुसार, 30 मई को अमित की गैरमौजूदगी में उनके सात माह के बेटे रुद्रांश की मौत हो गई थी।
परिवार ने उस समय बताया था कि बच्चा बीमार था और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। बाद में शिकायतकर्ता को पत्नी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से एक युवक से लगातार संपर्क की जानकारी मिली, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान पत्नी ने कथित रूप से बच्चे की हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोप है कि महिला ने घर में अकेले होने पर बच्चे का गला दबाया और फिर सीने पर पैर रखकर जान ले ली। बाद में बीमारी से मौत बताकर परिवार व ग्रामीणों को गुमराह किया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि आठ जून को मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने घरेलू कलह और पति का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

