पंजाब में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी सफलता मिली है। AGTF ने बठिंडा में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
आरोपियों के पास से मिले हथियार और कारतूस
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देसी .32 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। डीजीपी के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस लगातार गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कस रही है।
जेल में बंद गैंगस्टर के नेटवर्क से जुड़े थे आरोपी
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी फिरोजपुर क्षेत्र में सक्रिय एक जेल में बंद गैंगस्टर द्वारा संचालित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। वे पहले भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामलों में शामिल रह चुके हैं।
बठिंडा के सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज
इस मामले में बठिंडा के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनके संपर्कों की जांच में जुटी हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
30 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद
पंजाब पुलिस को एक और बड़ी सफलता अमृतसर में मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
दुबई से संचालित हो रहा था तस्करी नेटवर्क
प्रारंभिक जांच के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दुबई में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे। यह तस्कर सीमा पार से हेरोइन की खेप पंजाब तक पहुंचाने का नेटवर्क संचालित कर रहा था। जांच में पता चला है कि आरोपी विदेशी हैंडलर के निर्देश पर तय स्थानों से हेरोइन की खेप उठाते थे और बाद में उसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में अमृतसर के छेहरटा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस को जांच के दौरान अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के संकेत भी मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से राज्य में नशा तस्करी और मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले एक बड़े संगठित नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

