कन्नड़ मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। फेमस कॉमेडियन और टेलीविजन एक्टर सिद्धार्थ परसानूर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए हैं। उनकी अचानक मौत की खबर ने उनके चाहने वालों और पूरी कन्नड़ टीवी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है।
शुरुआती जांच में मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है
खबरों के अनुसार, सिद्धार्थ परसानूर का शव कर्नाटक के बीदर जिले के हुमनाबाद क्षेत्र के पास एक सुनसान और जंगली इलाके में मिला। बता दें, स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, इसलिए पुलिस फिलहाल हर संभावित एंगल से मामले को देख रही है।
दरअसल, सिद्धार्थ परसानूर को कन्नड़ कॉमेडी रियलिटी शो “माजा भारत” से खास पहचान मिली थी और अपने बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और सहज एक्टिंग के कारण उन्होंने कम समय में दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल कर ली थी। शो में उनकी मौजूदगी को दर्शक काफी पसंद करते थे और उन्होंने कई युवा स्टार्स को भी प्रेरित किया था और अब उनकी मौत की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। कई लोगों ने इसे कन्नड़ टेलीविजन जगत के लिए बड़ी क्षति बताया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और अटकलों पर भरोसा न करें
इस पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही ये साफ हो पाएगा कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या और किसी अन्य कारण से जुड़ा है। जांच अधिकारी आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं और घटनास्थल से मिले सबूतों को खंगाल रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों और अटकलों पर भरोसा न करें। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। सिद्धार्थ परसानूर की असामयिक मौत ने उनके फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर कोई अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

