लुधियाना – श्री अमरनाथ यात्रा पर बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए गए लुधियाना के एक होजरी कारोबारी की यात्रा के दौरान दुखद मौत हो गई। मृतका की पहचान सेक्टर-38, चंडीगढ़ रोड निवासी अंकित मल्होत्रा (38) के रूप में हुई है। अंकित वेट गंज इलाके में अपना होजरी का कारोबार करते थे। उनके अचानक निधन से मल्होत्रा परिवार और लुधियाना के कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, अंकित मल्होत्रा श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ श्री अमरनाथ यात्रा पर गए थे। बुधवार को उन्होंने सफलतापूर्वक बाबा बर्फानी के दर्शन किए और शाम को वापस बालटाल बेस कैंप की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्र में अचानक उनका ऑक्सीजन लेवल काफी गिर गया, जिससे उन्हें सांस लेने में अत्यधिक परेशानी होने लगी। साथ गए श्रद्धालुओं ने फौरन उन्हें बालटाल बेस कैंप पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें एंबुलेंस द्वारा श्रीनगर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन वीरवार सुबह इलाज के दौरान अंकित को दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने दम तोड़ दिया। वीरवार रात परिजन अंकित का पार्थिव शरीर लेकर लुधियाना पहुँचे। अंकित अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को बिलखता छोड़ गए हैं। आज शुक्रवार को लुधियाना में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। लुधियाना के होजरी उद्योग और व्यापारिक संगठनों ने अंकित मल्होत्रा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक व्यक्त किया है।

