नई दिल्ली. एक्टर, डांसर और होस्ट राघव जुयाल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ के साथ-साथ शहनाज गिल को लेकर भी सुर्खियों में हैं. हाल ही में राघव के बर्थडे सेलिब्रेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में शहनाज गिल को इवेंट से बाहर निकलते समय फैंस और पैपराजी ने चारों ओर से घेर लिया था. ऐसे में राघव उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालते नजर आए. इस वीडियो के सामने आते ही दोनों की डेटिंग की अफवाहों ने फिर जोर पकड़ लिया.
अब राघव जुयाल ने इस पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है. पिंकविला को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि किसी भी महिला को असहज स्थिति में देखकर चुप खड़े रहना उनकी परवरिश नहीं है.
मैं चुपचाप नहीं देख सकता: राघव
राघव ने कहा, ‘मेरे माता-पिता ने मुझे एक जिम्मेदार इंसान के रूप में पाला है. अगर शहनाज की जगह कोई भी अन्य महिला होती और पुरुषों का समूह उस पर टूट पड़ता, तो मेरी परवरिश ऐसी है कि जरूरत पड़ने पर मैं मुक्का भी चला सकता हूं. मैं ऐसा शहरी इंसान नहीं बन सकता जो यह सब देखकर भी चुपचाप खड़ा रहे. मैं अपने दोस्तों, परिवार और अपने साथ मौजूद किसी भी महिला की मरते दम तक रक्षा करूंगा.
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ शहनाज गिल के लिए नहीं, बल्कि हर महिला के लिए उनका नजरिया है. उनके मुताबिक, ‘अगर किसी महिला के साथ गलत हो रहा हो, तो मैं कभी चुप नहीं रह सकता. उस वक्त मैं यह नहीं सोचता कि मेरी स्टार इमेज पर क्या असर पड़ेगा. मुझे सिर्फ इतना पता होता है कि स्थिति को कैसे संभालना है.’
शहनाज गिल ने डेटिंग अफवाहों पर की थी बात
वहीं, शहनाज गिल ने भी हाल ही में पिंकविला से बातचीत के दौरान डेटिंग की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी थीं. उन्होंने अपनी निजी जिंदगी पर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, ‘नो पर्सनल क्वेश्चन, प्लीज.’ हालांकि, उन्होंने राघव को अपना ‘बहुत अच्छा दोस्त’ बताया और लोगों से उनकी आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ को सपोर्ट करने की अपील की.
शहनाज ने कहा, ‘मेरे दोस्त की फिल्म आ रही है, आप प्लीज उसे सपोर्ट कीजिए. वह मेरा बहुत अच्छा दोस्त है और उसकी फिल्म का चलना बहुत जरूरी है.’ गौरतलब है कि राघव जुयाल और शहनाज गिल ने पहली बार सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में साथ काम किया था. तभी से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं होती रही हैं. हालांकि, दोनों कलाकार कई बार साफ कर चुके हैं कि वे अच्छे दोस्त हैं और अपनी निजी जिंदगी को लेकर सार्वजनिक चर्चा नहीं करना चाहते.

