चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने सचिवालय में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले तमिलनाडु के एथलीट राजा मुथुपंडी, प्रवीण चित्रवेल और सेल्वा प्रभु को सम्मानित किया। सीएम ने इन पदक विजेताओं को कुल 80 लाख रुपये के चेक दिए। सरकार तमिलनाडु को खेल के क्षेत्र में भारत का शीर्ष राज्य बनाने के मकसद से कई कदम उठा रही है। इसमें विश्व-स्तरीय प्रशिक्षण देना, नकद पुरस्कार देना, राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अच्छा करने के लिए सक्षम बनाना और खेल संरचना का विकास शामिल है।
इन्हें किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने विजय ने अपने वादे के मुताबिक, स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में रजत पदक जीतने वाले थूथुकुडी जिले के राजा मुथुपंडी को 30 लाख रुपये का चेक दिया। एथलीट प्रवीण चित्रवेल के पिता एस. चित्रवेल को 30 लाख रुपये दिए गए। तिरुवरूर जिले के रहने वाले प्रवीण चित्रवेल ने पुरुषों के ट्रिपल जंप इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। वह स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु (एसडीएटी) के हॉस्टल ट्रेनी रह चुके हैं। वह फिलहाल खेल कोटे से तमिलनाडु न्यूजप्रिंट एंड पेपर्स लिमिटेड में काम करते हैं।

