रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। सरकार ने 22 आईएएस अधिकारियों और एक आएफएस अधिकारी के तबादले किए हैं। लिस्ट में कई जिलों के कलेक्टर-जिला पंचायतों के सीईओ के अलावा कई सचिवों के प्रभार भी बदले गए हैं। डेप्युटी सीएम विजय शर्मा के गृह जिले के कलेक्टर का भी तबादला किया गया है।
किन जिलों के कलेक्टर बदले
कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम, गरियाबंद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के कलेक्टर बदले गए हैं। कबीरधाम कलेक्टर को डेप्युटी सीएम विजय शर्मा का खास माना जाता था।
किसे मिली नई जिम्मेदारी
कुंदन कुमार को कांकेर, अमृत विकास तोपनो को मुंगेली, जयश्री जैन को सक्ती जिले का कलेक्टर बनाया गया है। इसके साथ ही तुलिका प्रजापति को कबीरधाम, रणबीर शर्मा गरियाबंद जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
किसे कौन सी जिम्मेदारी
सोनमणि बोरा प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाया गया है। भुवनेश यादव को सचिव, आदिम जाति अनुसूचित जाति विकास का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रिमझियस एक्का को मिशन संचालक, जल-जीवन मिशन बनाया गया है। सौमिल रंजन चौबे को उप सचिव, कृषि विभाग को अस्थाई रूप से आगामी आदेश पर्यन्त प्रबंध संचालक, पर्यटन मण्डल के पद पर पदस्थ किया गया है। बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई अपर कलेक्टर, नारायणपुर को अस्थाई रूप से आगामी आदेश पर्यन्त अपर कलेक्टर, बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
वन अधिकारी का भी ट्रांसफर
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी लिस्ट में वन विभाग के एक अधिकारी का भी ट्रांसफर किया गया है। आदेश के अनुसार, भारतीय वन सेवा 2006 बैच के अधिकारी विवेक आचार्य को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की सेवायें उनके पैतृक विभाग (वन विभाग) को तत्काल प्रभाव से वापस लौटाई जाती है।

