जांजगीर-चांपा/ कहते हैं कि अगर प्यार सच्चा हो तो दूरियां मायने नहीं रखतीं. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की बेटी क्रिस्टीना नथेनियल ने इसे सच साबित कर दिखाया है. यहां के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भुईगांव की रहने वाली क्रिस्टीना ने नीदरलैंड के युवक क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से लव मैरिज की है. विवाह का प्रमाण पत्र जारी होने के बाद यह अनोखी शादी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.

कौन हैं दूल्हा-दुल्हन?
विवाह प्रमाण पत्र के अनुसार दूल्हे का नाम क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम (32 वर्ष) है, जो नीदरलैंड के निवासी हैं. उनके पिता का नाम विलेम डीर्क वरबूम है. वहीं दुल्हन क्रिस्टीना नथेनियल (25 वर्ष) हैं, जो छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भुईगांव की निवासी हैं. उनके पिता का नाम हनोल नथेनियल है.
जिला कलेक्टर कार्यालय में हुई शादी
दोनों ने जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विवाह की औपचारिकताएं पूरी कीं. विवाह अधिकारी प्रमोद गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में धारा-5 के तहत घोषणा की गई, जिसके बाद विवाह संपन्न हुआ. जिला विवाह अधिकारी ने विवाह प्रमाण पत्र जारी करते हुए इस विवाह को वैध घोषित किया.
दोस्ती से शुरू हुई प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के गांव भुईगांव की क्रिस्टीना नीदरलैंड में नौकरी करती हैं. वहीं उनकी मुलाकात क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से हुई थी. मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और समय के साथ यह रिश्ता प्यार में बदल गया. एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने के बाद दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला किया. इस फैसले में दोनों परिवारों का भी पूरा समर्थन मिला.

सीमाओं से परे रिश्ते की नई कहानी
आज अंतरराष्ट्रीय संपर्क और संवाद के बढ़ते अवसरों के बीच अलग-अलग देशों के लोगों के बीच रिश्ते जुड़ना असामान्य नहीं रहा है। ऐसे विवाह में एक-दूसरे की संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और जीवनशैली को समझना भी महत्वपूर्ण होता है। भुईगांव की क्रिस्टीना और नीदरलैंड के क्रिस्टीयान का विवाह इसी वजह से चर्चा में है। अब दोनों के सामने आपसी समझ, विश्वास और सम्मान के साथ साझा भविष्य संवारने का नया अध्याय है।

