Lenovo ने भारत में अपनी Yoga सीरीज के दो नए लैपटॉप, Yoga Pro 9n और Yoga 9n 2-in-1 पेश किए हैं. कंपनी ने इन्हें खास तौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जिन्हें हाई-परफॉर्मेंस के साथ बेहतर डिस्प्ले और AI से जुड़े काम करने की क्षमता चाहिए. इन दोनों लैपटॉप में NVIDIA RTX Spark प्लेटफॉर्म, OLED स्क्रीन और बड़ी यूनिफाइड मेमोरी दी गई है.
हालांकि, स्क्रीन के साइज, मेमोरी, स्टोरेज और डिजाइन के मामले में दोनों मॉडल अलग हैं. इनमें से एक लैपटॉप पारंपरिक डिजाइन में आता है, जबकि दूसरा 360 डिग्री घूमने वाली स्क्रीन के साथ मिलता है. तो आइए जानते हैं कि Lenovo के नए Yoga लैपटॉप में क्या खास है.
Lenovo के नए Yoga लैपटॉप में क्या खास है?
Lenovo केदोनों लैपटॉप NVIDIA RTX Spark N1X प्लेटफॉर्म पर काम करते हैं. इसमें NVIDIA Grace CPU और Blackwell RTX ग्राफिक्स का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी के अनुसार, दोनों डिवाइस 1 पेटाफ्लॉप तक AI परफॉर्मेंस दे सकते हैं. Yoga Pro 9n में 128GB तक और Yoga 9n 2-in-1 में 64GB तक LPDDR5X यूनिफाइड मेमोरी मिलती है. ये लैपटॉप Windows 11 पर चलते हैं. इनकी लोकल कंप्यूटिंग क्षमता AI एप्लिकेशन, वीडियो एडिटिंग, 3D रेंडरिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसे कामों के लिए यूजफुल है.
स्टोरेज, बैटरी और कनेक्टिविटी
Yoga Pro 9n में दो SSD स्लॉट दिए गए हैं, जिनके जरिए 4TB तक स्टोरेज मिल सकता है. इसमें 92.5Wh की बैटरी है. वहीं Yoga 9n 2-in-1 में 1TB तक SSD स्टोरेज और 99.9Wh की बैटरी मिलती है. Lenovo के मुताबिक, Rapid Charge Express से 15 मिनट की चार्जिंग में तीन घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही दोनों लैपटॉप में 9.2 मेगापिक्सल का MIPI IR कैमरा, Wi-Fi 7, Bluetooth 5.4 और Dolby Atmos सपोर्ट है. Yoga Pro 9n में चार स्पीकर, जबकि 2-in-1 मॉडल में छह स्पीकर दिए गए हैं. इन दोनों में 1.5mm की-ट्रैवल वाला कीबोर्ड और पेन सपोर्ट करने वाला हैप्टिक ForcePad भी मिलता है.
2-in-1 मॉडल में 360 डिग्री डिजाइन
Yoga 9n 2-in-1 की खासियत इसका कन्वर्टिबल डिजाइन है. इसकी स्क्रीन को 360 डिग्री तक घुमाकर लैपटॉप, टैबलेट, टेंट और स्टैंड जैसे अलग-अलग मोड में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसमें Yoga Pen Gen 2 का सपोर्ट भी है.
OLED डिस्प्ले में क्या है अंतर?
Yoga Pro 9n में 15.3 इंच की 2.5K OLED स्क्रीन दी गई है. इसका रिफ्रेश रेट 48Hz से 165Hz तक बदल सकता है और HDR ब्राइटनेस 1,100 निट्स तक जाती है. वहीं Yoga 9n 2-in-1 में 16 इंच की 2.8K OLED टचस्क्रीन मिलती है. इसका रिफ्रेश रेट 30Hz से 120Hz तक है. यह दोनों डिस्प्ले Dolby Vision और DisplayHDR True Black 1000 को सपोर्ट करती हैं.
Lenovo Yoga Pro 9n और Yoga 9n 2-in-1 की कीमत
Lenovo Yoga Pro 9n की शुरुआती कीमत भारत में 3,19,990 रुपये रखी गई है. इसे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट Lenovo.com और कुछ रिटेल स्टोर से खरीदा जा सकता है. वहीं Lenovo Yoga 9n 2-in-1 की शुरुआती कीमत 3,54,990 रुपये है.. यह लैपटॉप सिर्फ Lenovo.com पर उपलब्ध होगा.

