नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट के मारे जाने की खबर ने देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सत्तापक्ष और विपक्ष को आमने सामने ला दिया है। इस बीच कांग्रेस ने बीजेपी के जम्मू कश्मीर में स्थिति सामान्य होने के दावों को खारिज करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
केंद्र सरकार के दावे को बताया खोखला
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भाई हम लगातार ये मुद्दे उठा रहे हैं कि जम्मू कश्मीर में आप बार-बार जो दावे करते हैं। वो सारे दावे आपके खोखले साबित हो रहे हैं। आपने 5 अगस्त 2019 को एक स्टेट की स्टेटहुड छीन ली और उसको यूनियन टेरिटरी बना दिया।
कांग्रेस नेता ने लाल किले के पास हुए धमाके का किया जिक्र
उन्होंने आगे कहा कि आपने उनके अधिकार छीन लिए और उसके बाद आप लगातार कहते आए कि सब सामान्य हो गया है और जो बार-बार पहलगाम, पुलवामा जैसी घटनाएं हो रही हैं। लाल किले तक अगर आरडीएक्स आ जाता है, 300 किलो आरडीएक्स आ जाता है, एनसीआर में आ जाता है। लाल किले में टेरर अटैक हो जाता है, फिर भी गृह मंत्री इतलाते हुए घूमते हैं साहब की सब कुछ सामान्य हो गया, ये कैसे हुआ साहब सामान्य।
बीजेपी नेता गौरव भाटिया के बयान पर दिया जवाब
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी नेता गौरव भाटिया के राहुल गांधी को मीर जाफर बताने वाला बयान पर पलटवार किया है। खेड़ा ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के बजाय धारणा प्रबंधन पर ध्यान दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि अर्थव्यवस्था की हालत खराब है, लेकिन सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर राहुल गांधी अर्थव्यवस्था की खराब स्थिति के बारे में बात करते हैं, तो सरकार को परेशानी होती है। सरकार को इस बात से और भी ज्यादा दिक्कत है कि राहुल गांधी बोलते हैं और लोग उन्हें सुनते हैं।
सभी को क्लीन चीट बांटती फिरती सरकार
उन्होंने आगे कहा कि अर्थव्यवस्था को सुधारना उनके लिए प्राथमिकता ही नहीं है। यह उसी मानसिकता को दिखाता है, जिसमें अगर चीन देश में घुस आए या हमारे सैनिक शहीद हो जाएं, तो सरकार को कोई परवाह नहीं होती। सरकार को डर रहता है कि कहीं इन मुद्दों पर चर्चा न हो जाए, इसलिए वे बस यही दावा कर देते हैं कि कोई अंदर नहीं आया है। यह एक ऐसी सरकार है जो सबको क्लीन चिट बांटती फिरती है। यह प्रशासन पूरी तरह से ‘धारणा प्रबंधन’ पर केंद्रित है। इसका मकसद सिर्फ गलत जानकारी फैलाना और प्रोपेगैंडा करना है, ताकि सच्चाई और तथ्य सामने न आएं। उनकी मुख्य प्राथमिकता इन तथ्यों को दबाना ही है।”
