नई दिल्ली: भारत के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत ने सोमवार को कुछ न्यायिक अधिकारियों के रवैये पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उनका कहना है कि ऐसे अधिकारी अपने अदालती कार्यों पर ध्यान देने के बजाए, सिर्फ अपने ही लाभ के बारे में सोचते रहते हैं और समय बिता देते हैं। जबकि, अदालतों के बाहर लोग कतारें लगाए खड़े रहते हैं।
न्यायिक अधिकारियों को सीजेआई सूर्यकांत की फटकार
सीजेआई सूर्यकांत ने कुछ न्यायिक अधिकारियों द्वारा अपनी सर्विस और रिटायरमेंट के बाद के लाभों से जुड़े विषयों पर बार-बार अदालतों का चक्कर काटने के बर्ताव के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि ऐसे अधिकारियों को लगता है कि सुप्रीम कोर्ट को कुछ भी पता नहीं है कि उनका दिनभर क्या चलता रहता है।
चैंबर में बैठकर कॉफी पीते रहते हैं-सीजेआई
लाइव लॉ के मुताबिक सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, ‘अब वे कुछ ज्यादा ही बोल रहे हैं। हर चीज में न्यायिक अधिकारी आवेदन लगा रहे हैं (यह कहते हुए) कि यह मंजूरी दी जाए।’
वो अदालत में काम क्यों नहीं करते? हमें पता है कि वे क्या कर रहे हैं, पूरे दिन क्या करते रहते हैं। वे 10 बजे जाते हैं। कोई कोर्ट में नहीं रहता, चैंबर में बैठे रहते हैं, कॉफी चलती रहती है।
–सीजेआई सूर्यकांत

