यूपी- मुरादाबाद में शनिवार सुबह हरिद्वार मार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया, जहां रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई जबकि, एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये हादसा छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास हुआ, जहां रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भीषण टक्कर हो गई. ये टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बस में सवार कई यात्री घायल हो गए. जिसके बाद मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए.
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी. गांव लड़ावली स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास सामने से गन्ने की ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई. ट्रैक्टर-ट्राली से बस की ड्राइवर साइड टकराने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
इस हादसे में सदुपुरा गांव निवासी अर्चना पत्नी जानसन मसीह और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई. इनके अलावा नूरपुर बिजनौर निवासी लोकेंद्र, दीपिका चौहान ने भी दम तोड़ दिया. जबकि अर्चना के पति जानसन मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. टक्कर के बाद गन्ने की ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

