BREKING NEWS

भीषण रेल हादसा, देवघर में ट्रेन और ट्रक की जोरदार टक्कर

देवघर: झारखंड के देवघर में रेल हादसे ने हड़कंप मचा दिया। हावड़ा-जसीडीह मेन रेल रूट पर स्थित रोहिणी-नावाडीह फाटक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और ट्रेन के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी शक्तिशाली थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह बर्बाद हो गया। मौके पर एक मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया है, लेकिन हादसे के कारण मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

ट्रक की चपेट में आई बाइक

चश्मदीदों के अनुसार, ट्रेन से टकराने के बाद ट्रक बेकाबू होकर एक बाइक पर पलट गया। बाइक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई, जिससे उस पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को ट्रक के नीचे से निकाला और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

रेल और सड़क यातायात ठप

इस टक्कर के बाद हावड़ा-जसीडीह मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रुक गई है। वहीं, रेल फाटक पर ट्रक के मलबे और बाइक के फंसे होने के कारण सड़क मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। रेलवे और स्थानीय प्रशासन यातायात को फिर से बहाल करने के लिए क्रेन और अन्य मशीनरी की मदद ले रहे हैं।

मौके पर प्रशासन की टीम

हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित किया और राहत-बचाव कार्य को गति दी। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता ट्रैक को साफ कर रेल परिचालन शुरू करने की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फाटक बंद होने के बावजूद ट्रक ट्रैक पर कैसे पहुंचा।

Related Articles

Back to top button