रायपुर | छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने प्रशासनिक आधार पर राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, 7 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत उज्जवल पोरवाल को महाप्रबंधक (प्रशासन) छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन लिमिटेड, नवा रायपुर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जिला पंचायत, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पदस्थ किया गया है। वहीं, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के निवर्तमान CEO अभिषेक कुमार गुप्ता को उप सचिव, पर्यटन एवं अतिरिक्त प्रभार संस्कृति विभाग, मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
विनय कुमार अग्रवाल को CEO जिला पंचायत सरगुजा से स्थानंतरित कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर बनाया गया है। उप सचिव सामान्य प्रशासन विभाग (कक्ष-6 एवं 7) डॉ. ऋतु वर्मा को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) नवा रायपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, हेमंत कुमार मत्स्यपाल को सहायक महाप्रबंधक नान से महाप्रबंधक (प्रशासन) छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन लिमिटेड, श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर को अपर संचालक चिकित्सा शिक्षा से अपर कलेक्टर सूरजपुर, तथा मनीष मिश्रा को अपर कलेक्टर रायपुर से स्थानांतरित कर उप सचिव, मंत्रालय, नवा रायपुर नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी संबंधित अधिकारी आदेश जारी होने के 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यमुक्त होकर अपनी नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करें।

