फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद में आज अहले सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां एक घर में गैस सिलिंडर लीकेज होने से धमाका हो गया। आग लगने से बाप-बेटी झुलस गए। साथ ही घर में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घरेलू सामान और लैपटॉप भी जल गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मोची रोड स्थित कंबोज मोहल्ला की है। हादसे में कालाराम कंबोज और उनकी 18 वर्षीय बेटी ममता बुरी तरह झुलस गई। कालाराम कंबोज ने बताया कि वह आज यानी मंगलवार सुबह रसोई घर में चाय बनाने के लिए गए। जैसे ही माचिस जलाई तो एकदम तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ आग लग गई। उनकी चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी बेटी ममता भी दौड़ी-दौड़ी आई। वहीं उनकी बेटी भी आग में झुलस गई। आनन-फानन में पिता-पुत्री को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

