देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून में डालनवाला क्षेत्र के एक नामी निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने शुक्रवार को एक शिक्षक पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया।
स्कूल परिसर में पहुंचे छात्रा के परिजनों ने बताया कि 10 से ज्यादा अन्य छात्राओं ने उस शिक्षक के बारे में शिकायत की है। एक अभिभावक के अनुसार, शिक्षक के इस व्यवहार के बारे में छात्राओं ने प्रधानाचार्य से भी शिकायत की थी लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। स्कूल में अभिभावकों के हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और उन्होंने अधिकारियों को इसकी जांच शुरू करने को कहा है। डोबाल ने कहा, ”इस मामले की जांच एक महिला अधिकारी करेगी। हम स्कूल प्रशासन तथा अन्य सभी पक्षों से भी बात करेंगे। अगर ये आरोप सत्य हैं तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी ।”

