उत्तर प्रदेश– हापुड़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है. एक्सीडेंट रविवार-सोमवार की रात धौलाना-गुलावटी हाईवे पर हुआ है. बारातियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत के अलावा कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
SP ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि धौलाना-गुलावटी रोड पर बारातियों से भरी बस एक ट्रक से टकरा गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव शुरू किया गया. घायलों को बस से निकालकर अस्पताल भिजवाया, लेकिन छह लोगों की मौत हो गई थी. इसके अलावा 7 लोग घायल हुए हैं. एसपी का कहना है कि बस में कुल 12 लोग सवार थे. उनमें से एक की पहचान अभी नहीं हो पाई है और संभवतः वह ड्राइवर था.
दरअसल, शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारात वापस लौट रही थी. इसी दौरान कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर बारातियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही बस में सवार 6 बारातियों की मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही धौलाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है. कुछ रामा मेडिकल कॉलेज, दो जीएस मेडिकल कॉलेज और तीन सीएचसी धौलाना में भर्ती है.
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया. फिलहाल रेस्क्यू कार्य पूरा कर लिया गया है और यातायात को सुचारु कर दिया गया है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.

