बिलासपुर – सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने 08895/08896 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–इतवारी श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक कुल 5-5 फेरों के लिए संचालित होगी। खास बात यह है कि फिलहाल सभी फेरों में बड़ी संख्या में कंफर्म सीटें उपलब्ध हैं।
रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना आरक्षण करा लें, ताकि अंतिम समय की भीड़ और वेटिंग से बचा जा सके।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का ठहराव बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, भाटापारा, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़, ब्रजराजनगर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे बिलासपुर सहित रायपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ क्षेत्र के श्रद्धालुओं को देवघर के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
अभी मिल रही हैं कंफर्म सीटें
27 जुलाई की स्थिति के अनुसार सभी फेरों में सीटें उपलब्ध हैं। 29 अगस्त को चलने वाली 08895 इतवारी–मधुपुर स्पेशल ट्रेन में एसी-3 की 154 और स्लीपर की 428 सीटें खाली हैं। वहीं 30 अगस्त की वापसी ट्रेन 08896 मधुपुर–इतवारी में एसी-3 की 171 और स्लीपर की 515 सीटें उपलब्ध हैं।
समय
08895 इतवारी–मधुपुर: बिलासपुर आगमन 11:40 बजे, प्रस्थान 11:50 बजे
08896 मधुपुर–इतवारी: बिलासपुर आगमन सुबह 6:20 बजे, प्रस्थान 6:30 बजे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्षों में सावन मेले के दौरान देवघर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग रहती थी। इस बार स्पेशल ट्रेन के संचालन से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और फिलहाल कंफर्म टिकट आसानी से उपलब्ध हैं।

