नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली पुलिस ने ग्रेटर कैलाश के एक मंदिर से सांप की चांदी की मूर्ति चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में कथित रूप से चोरी की चांदी खरीदने वाला जौहरी भी शामिल है जिसके पास से 800 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार यह चांदी चोरी हुई मंदिर की मूर्ति की थी। पुलिस ने बताया कि मोहित शर्मा (40) ने ग्रेटर कैलाश-1 में सनातन धर्म सत्संग सभा मंदिर से एक सांप की मूर्ति कथित तौर पर चुरा ली और इसकी चांदी को पिघला कर एक जौहरी को बेच दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जौहरी भरत गांधी (35) को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक, कथित तौर पर बिक्री से प्राप्त 1.10 लाख रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार भी बरामद कर ली गयी है। पुलिस ने बताया कि चोरी के बाद छह अगस्त को ग्रेटर कैलाश-1 थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान, मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया और शर्मा की पहचान की गई तथा उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान, शर्मा ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने मूर्ति को पिघलाया था और करोल बाग में एक जौहरी को बेच दिया था। टीम ने बाद में भरत गांधी का पता लगाया और उसके पास से लगभग 800 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की।

