थाईलैंड – आमतौर पर अंतिम संस्कार का माहौल गमगीन होता है, जहां लोग दुख में डूबे रहते हैं. लेकिन, थाईलैंड से सामने आया एक मामला इस सोच को पूरी तरह बदल देता है. यहां एक परिवार ने अपने प्रियजन की आखिरी इच्छा को पूरा करने के लिए अंतिम संस्कार में डांसर बुला लीं. इस अनोखे फैसले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच बहस का कारण बन गया है.
कहां का है मामला?
यह घटना वाट थेप्पनोम चुएट मंदिर की है, जो नखोन सी थम्मरत के रॉन फिबुन जिले में स्थित है. यहां 59 साल के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान यह अनोखा नजारा देखने को मिला.
अंतिम संस्कार में क्यों बुलवाईं डांसर?
बैंकॉक पोस्ट के मुताबिक, परिवार के बताया, यह फैसला मृतक की आखिरी इच्छा को पूरा करने के लिए लिया गया था. वह चाहते थे कि उनकी मौत पर लोग दुखी होने के बजाय उनकी जिंदगी को खुशी के साथ याद करें. इसी वजह से अंतिम संस्कार से पहले तीन ‘कॉयोट डांसर’ को बुलाया गया, जिन्होंने ताबूत के सामने परफॉर्म किया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
डांसरों का यह परफॉर्मेंस न सिर्फ वहां मौजूद लोगों ने देखा, बल्कि इसे सोशल मीडिया पर लाइव भी किया गया. वीडियो वायरल होते ही लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ लोगों ने इसे मृतक की इच्छा का सम्मान बताया और कहा कि इससे माहौल हल्का हुआ. वहीं, कई लोगों ने इसे अंतिम संस्कार जैसे मौके के लिए गलत और अनुचित बताया.
कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि ऐसे कार्यक्रम में बच्चों की मौजूदगी सही है या नहीं. एक यूजर ने लिखा, दुख में बैठे रहने से बेहतर है कि ऐसे तरीके से याद किया जाए. वहीं दूसरे ने कहा, आखिरी इच्छा का सम्मान जरूरी है, लेकिन ऐसे कार्यक्रम में बच्चों को अलग रखना चाहिए.

