Close Menu
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Trending
    • बच्चों के बचपन की रक्षा में समाज की भागीदारी जरूरी: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
    • Breaking : ‘परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP’, शरद पवार से मुलाकात के बाद जितेंद्र आव्हाड का एलान
    • मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था, विशेष कीर्तन समागम में हुए शामिल
    • संकरी गुफा देखने अंदर घुस गई महिला, फंसने के बाद रोकर मांगने लगी मदद, वीडियो देखकर भड़के लोग
    • बस्तर के युवा का हिमालय में परचम, 14,830 फीट की ऊंचाई पर पहुंचे भुवनेश्वर कश्यप
    • छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बनेगा राजभाषा दिवस
    • छत्तीसगढ़ की स्मार्ट बिजली व्यवस्था दूसरे राज्यों के लिए अनुकरणीय : राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल
    • छत्तीसगढ़ में मखाना उत्पादन से उद्यमिता विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूदः विशेषज्ञ
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Chhattisgarh RajyaChhattisgarh Rajya
    Friday, November 27
    • खानपान-सेहत
    • फीचर
    • राशिफल
    • लेख-आलेख
    • व्यापार
    • बिलासपुर
    • रायपुर
    • भिलाई
    • राजनाँदगाँव
    • कोरबा
    Chhattisgarh RajyaChhattisgarh Rajya
    Home»लेख-आलेख»क्या कांग्रेस 2012 और 2022 की अपनी गलतियों से सबक सीखेगी?
    लेख-आलेख

    क्या कांग्रेस 2012 और 2022 की अपनी गलतियों से सबक सीखेगी?

    chhattisgarhrajya.inBy chhattisgarhrajya.inNovember 27, 2026
    Facebook Twitter WhatsApp Email Telegram
    Share
    Facebook Twitter LinkedIn Pinterest Email

    पंजाब की राजनीति में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर ऐसे मोड़ पर खड़ी दिखाई दे रही है, जहां उसकी सबसे बड़ी चुनौती विपक्षी पार्टियों की बजाय अपने नेताओं के बीच चल रही खींचतान है। 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही मुख्यमंत्री के चेहरे, प्रदेश अध्यक्ष पद, चुनाव अभियान के नेतृत्व और टिकटों के बंटवारे को लेकर पैदा हो रहे विवाद यह सवाल खड़ा करते हैं कि क्या कांग्रेस एक बार फिर 2012 और 2022 वाली गलतियां दोहराने जा रही है?

    2012 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को पंजाब में सत्ता वापसी की पूरी उम्मीद थी। अकाली-भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी भी मौजूद थी और कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी का नेतृत्व कर रहे थे। लेकिन पार्टी के अंदर गुटबाजी और नेताओं के बीच आपसी खींचतान के कारण कांग्रेस इस माहौल का पूरा लाभ नहीं उठा सकी। 117 सदस्यीय विधानसभा में अकाली दल ने 56 और भाजपा ने 12 सीटें जीतकर कुल 68 सीटें हासिल कीं, जबकि कांग्रेस 46 सीटों पर सिमट गई। इस तरह अकाली-भाजपा गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचा। यह चुनाव कांग्रेस के लिए सबक था 

    2017 में 77 सीटें जीतकर सरकार बनाने वाली कांग्रेस ने अंदरूनी लड़ाई के कारण पांच वर्षों में अपनी राजनीतिक ताकत खो दी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच मतभेद 2019 से ही सार्वजनिक होने लगे थे। सिद्धू ने मंत्रिमंडल में विभाग बदले जाने के बाद इस्तीफा दे दिया। जुलाई, 2021 में हाईकमान ने कैप्टन की नाराजगी के बावजूद सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया। इससे टकराव खत्म होने की बजाय और बढ़ गया। अगस्त 2021 में कई विधायकों और मंत्रियों ने कैप्टन के नेतृत्व के खिलाफ बगावती रुख अपनाया। आखिरकार 18 सितम्बर, 2021 को कैप्टन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और 20 सितम्बर को चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री बन गए। लेकिन 28 सितम्बर को सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया। चन्नी और सिद्धू के बीच पुलिस प्रमुख और एडवोकेट जनरल जैसी नियुक्तियों को लेकर भी विवाद सामने आए।

    6 फरवरी, 2022 को राहुल गांधी ने लुधियाना की रैली में चन्नी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया लेकिन इस फैसले से भी पार्टी की अंदरूनी फूट खत्म नहीं हुई। 10 मार्च, 2022 के चुनावी नतीजों ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। 2017 की 77 सीटों के मुकाबले कांग्रेस सिर्फ 18 सीटें जीत सकी, जबकि आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। चन्नी चमकौर साहिब और भदौड़ दोनों सीटों से हार गए और सिद्धू भी अमृतसर पूर्वी से चुनाव नहीं जीत सके। कांग्रेस का वोट शेयर भी 2017 के लगभग 38.5 प्रतिशत से घटकर 2022 में लगभग 23 प्रतिशत रह गया। यह नतीजा पार्टी की अंदरूनी लड़ाई की कीमत का बड़ा सबूत बना। अब 2027 के चुनावों से पहले कांग्रेस में फिर वही स्थिति बनती दिखाई दे रही है। इस बार चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वड़िंग के समर्थकों के बीच खींचतान ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जुलाई, 2026 में हाईकमान द्वारा राजा वङ्क्षडग़ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने और चन्नी को चुनाव अभियान समिति की जिम्मेदारी देने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ।

    5 सितम्बर को सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया। उन्होंने विभिन्न नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर पार्टी की स्थिति के बारे में हाईकमान को रिपोर्ट दी। आखिरकार 2 अक्तूबर को राजा वडिंग़ ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया और परगट सिंह को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसे दोनों गुटों के बीच समझौते के रूप में देखा गया लेकिन इस नियुक्ति से हाईकमान ने खुद ही एक तीसरा गुट खड़ा कर दिया। इसका संकेत तीनों नेताओं द्वारा आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों से नेताओं की गैरहाजिरी और एक-दूसरे की तस्वीरें गायब होने से मिलता है। 27 अक्तूबर को हाईकमान द्वारा पंजाब के नेताओं को गुटबाजी छोड़कर एकजुट होने की सख्त चेतावनी देना भी इस बात का संकेत है कि समस्या अभी बरकरार है।

    कांग्रेस के पास पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नशे, कानून-व्यवस्था, किसान संकट, बढ़ते कर्ज और बेरोजगारी जैसे कई अहम मुद्दे हैं। लेकिन इन मुद्दों का राजनीतिक लाभ तभी मिल सकता है, जब पार्टी के नेता एक सांझी रणनीति के साथ लोगों के बीच जाएं। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी, टिकटों के बंटवारे और दूसरी पाॢटयों से आने वाले नेताओं को प्राथमिकता देने के कारण पुराने कार्यकत्र्ताओं की नाराजगी पैदा होना भी पार्टी के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

    2012 में कांग्रेस सत्ता विरोधी माहौल का पूरा लाभ नहीं उठा सकी और 2022 में 77 से 18 सीटों तक सिमट गई। अब 2027 से पहले उसके पास अपनी गलतियां सुधारने का मौका है, हालांकि एक-दो दिनों से पंजाब के नेता एकजुटता दिखाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। लेकिन हाईकमान को स्पष्ट करना होगा कि चुनावों का नेतृत्व कौन करेगा, उम्मीदवारों का चयन किन मापदंडों पर होगा और सभी गुटों को एक मंच पर कैसे लाया जाएगा। सवाल यह नहीं है कि 2027 में कांग्रेस कितनी सीटें जीतेगी, बल्कि यह है कि क्या वह चुनावों से पहले अपने घर को संभाल सकेगी? यदि नेता सत्ता हासिल करने की लड़ाई में ही उलझे रहे तो पंजाब की राजनीति में 2012 और 2022 का इतिहास एक बार फिर दोहराए जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।-इकबाल सिंह चन्नी

    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Email
    chhattisgarhrajya.in
    chhattisgarhrajya.in
    • Website

    Related Posts

    महाशक्तियों का एक साथ आना क्या दिखावा है?

    November 22, 2026

    …तो फिर बुढ़ापे में ए.आई. रोबोट से ही खेलेंगे जेन-जी

    November 21, 2026

    नीतियों को मुंह चिढ़ाती किसान आत्महत्याएं

    November 21, 2026

    Address - Gayatri Nagar, Near Ashirwad Hospital, Danganiya, Raipur C.G.

    Chandra Bhushan Verma
    Owner & Editor
    Mobile - 9826237000 Email - chhattisgarhrajya.in@gmail.com
    Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest
    • About Us
    • Contact Us
    • Privacy Policy
    • Terms and Conditions
    • Disclaimer
    © 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.