उर्वशी रौतेला एक बार फिर कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने अनोखे फैशन सेंस को लेकर चर्चा में आ गई हैं. रेड कार्पेट पर उनका ग्लैमरस अंदाज देखते ही बना, लेकिन इस बार तारीफ से ज्यादा उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. उर्वशी ने कान्स में वियतनाम के मशहूर फैशन लेबल की ड्रेस पहनकर एंट्री ली, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. लोगों का कहना है कि खुद को ‘इंडिया’ बताने वाली उर्वशी ने भारतीय डिजाइनर को छोड़ विदेशी ब्राइडल गाउन क्यों चुना. वहीं, उनके हाथ में दिखा करीब 6 लाख रुपये का कैरोसेल डिजाइन बैग भी इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.
ब्राइडल स्टाइल गाउन में दिखीं उर्वशी, रेड कार्पेट पर बिखेरा ग्लैमर

उर्वशी रौतेला ने कान्स रेड कार्पेट के लिए वियतनाम के चर्चित लेबल JoliPoli का खास डिजाइन किया हुआ गाउन चुना. यह आउटफिट ब्रांड के ब्राइडल कलेक्शन का हिस्सा बताया जा रहा है. लैवेंडर टोन के शीयर फैब्रिक से बने इस बॉडी-फिटेड गाउन में सिल्वर क्रिस्टल, स्टोन और सेक्विन की भारी कढ़ाई की गई थी. ड्रेस का अपर पोर्शन बेहद ड्रामेटिक रखा गया था, जिसमें कॉर्सेट स्टाइल फिटिंग और डीप नेकलाइन ने पूरे लुक को बोल्ड टच दिया. वहीं स्कर्ट पोर्शन को फ्लोई और लाइटवेट रखा गया, जिससे आउटफिट में रॉयल फील नजर आई. गाउन की लंबी ट्रेल और ट्रांसपेरेंट केप ने इसे और ज्यादा आकर्षक बना दिया. उर्वशी का यह फैशन स्टेटमेंट कैमरों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा.
6 लाख के कैरोसेल बैग ने खींचा सबका ध्यान
उर्वशी के लुक में सबसे ज्यादा चर्चा उनके लग्जरी बैग की हो रही है. उन्होंने मशहूर लक्जरी ब्रांड Judith Leiber का खास कैरोसेल डिजाइन बैग कैरी किया, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है. बैग का डिजाइन बच्चों के झूले जैसा था, जिसमें ब्लू और सिल्वर शेड्स का इस्तेमाल किया गया था. सोशल मीडिया यूजर्स को यह एक्सेसरी काफी अलग लगी. कुछ लोगों ने इसे यूनिक और क्रिएटिव बताया, जबकि कई यूजर्स ने मजाक उड़ाते हुए इसे “बच्चों का खिलौना” तक कह दिया. उर्वशी ने अपने लुक को भारी ईयररिंग्स, स्टोन वर्क वाले हेडपीस और ग्लॉसी मेकअप के साथ पूरा किया. उनका मांग टीका इंस्पायर्ड हेड एक्सेसरी भी इंटरनेट पर वायरल हो गया.
विदेशी डिजाइनर की ड्रेस पहनने पर हुईं ट्रोल
उर्वशी रौतेला का लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई लोगों ने उनके ग्लैमरस अंदाज की तारीफ की, लेकिन बड़ी संख्या में यूजर्स ने उन्हें ट्रोल भी किया. लोगों का कहना था कि अगर वह भारत को रिप्रेजेंट कर रही हैं, तो उन्हें किसी भारतीय डिजाइनर का आउटफिट पहनना चाहिए था. एक यूजर ने लिखा, “इंडिया को रिप्रेजेंट कर रही हैं लेकिन ड्रेस वियतनाम की पहन ली.” वहीं दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, “पहली बार किसी ने मांग टीका लगाकर कान्स अटेंड किया है.” हालांकि कुछ फैंस उनके सपोर्ट में भी उतरे और कहा कि फैशन की कोई सीमा नहीं होती.कान में उर्वशी का यह लुक भले ही विवादों में घिर गया हो, लेकिन इतना तय है कि उन्होंने एक बार फिर अपने फैशन स्टाइल से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

