देवरिया. एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. घटना में कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
बता दें कि घटना हाजी मार्केट मोड़ के पास उस वक्त घटी, जब कुछ लोग कार में सवार होकर बारात में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए. घटना होता देख आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि कार में लोग फंसे हुए थे. जिसके बाद कटर और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर घायलों को बाहर निकाला. जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. डॉक्टरों ने जांच कर 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं 2 का इलाज जारी है. मृतकों में केवल एक युवक की पहचान हुई है. दो लोगों की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने मृतकों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा है. घटना के पीछे की वजह तेज रफ्तार होना बताया जा रहा है.

