किसानों का इंतज़ार खत्म, आज जारी होगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त

भारत के किसानों की आर्थिक मदद करने के लिए केंद्र सरकार कई तरह के प्रयास करती है और योजनाएं भी चलाती है। किसानों की मदद के लिए ही केंद्र सरकार की एक योजना है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना। भारत सरकार की इस योजना के ज़रिए देश के छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाती है। यह योजना 1 दिसंबर 2018 को लागू हुई थी और तब से अब तक इसके तहत 21 किस्त जारी की जा चुकी हैं। अब किसानों को पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतज़ार है और उनका इंतज़ार आज खत्म होने वाला है।
आज जारी होगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आज, 13 मार्च को जारी होगी। पीएम किसान सम्मान निधि के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए इस बारे में जानकारी दी गई है।
करोड़ों किसानों के खातों में आएंगे पैसे
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी होने के बाद करोड़ों किसानों के खातों में पैसे आएंगे। इस योजना की 22वीं किस्त के तहत 9 करोड़ 32 लाख से ज़्यादा किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रूपए से ज़्यादा की धनराशि का हस्तांतरण किया जाएगा। इससे किसानों के खाते में 2-2 हज़ार रूपए आएंगे।
22वीं किस्त मिलने पर कैसे चेक कर सकते हैं स्टेटस?
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जब किसानों के बैंक खातों में आएगी, तो इसे चेक करने का भी एक तरीका है। इसके लिए योजना के पात्र किसानों को पीएम किसान पोर्टल (PM Kisan Portal) पर ‘बेनेफिशयरी स्टेटस’ (Beneficiary Status) पर क्लिक करना होगा। फिर किसान अपना नाम और 22वीं किस्त की धनराशि के अकाउंट में जमा होने का स्टेटस चेक कर सकते हैं जिससे उन्हें यह पता चलेगा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की धनराशि उनके खाते में जमा हुई है या नहीं।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए ज़रूरी शर्तें
पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ ज़रूरी शर्तों का ध्यान रखना होगा। उन्हें ई-केवाईसी कराना होगा, भू-सत्यापन (Land Verification) कराना होगा, अपने बैंक अकाउंट को आधार कार्ड से लिंक करना होगा और फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण भी कराना होगा। इन शर्तों को पूरा करने पर ही किसानों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा और ऐसा नहीं होने पर किस्त अटक भी सकती है।



