मुख्य समाचार

यात्री बस में लगी भीषण आग, विधायक समेत 37 लोग बाल-बाल बचे…

ओडिशा– मलकानगिरि शनिवार एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब भुवनेश्वर से नबरंगपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, बस का पिछला टायर फटने के बाद आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

इस बस में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला सहित कुल 37 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

घटना आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। ऐसे में चालक की तत्परता और सूझबूझ ने बड़ा हादसा टाल दिया। चालक ने तुरंत बस रोककर यात्रियों को सतर्क किया, खिड़कियां खोलीं और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

विधायक मंगू खिला ने बताया कि वह भुवनेश्वर के रसूलगढ़ बस स्टैंड से बस में सवार हुए थे और मलकानगिरि जा रहे थे। उन्होंने चालक की सराहना करते हुए कहा कि उसकी समझदारी से सभी की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button