मुख्य समाचार
अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर नवरात्रों की भक्ति में सजी वैष्णो देवी की भव्य झांकी

अखनूर : नवरात्रों के पावन अवसर पर अखनूर क्षेत्र में भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस खास मौके पर माता वैष्णो देवी की भव्य झांकी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
झांकी में मां काली, मां सरस्वती और मां दुर्गा के दिव्य स्वरूपों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। रंग-बिरंगी झांकियों, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मां के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने देश की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। अंतर्राष्ट्रीय सीमा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह के धार्मिक आयोजन ने भाईचारे और एकता का संदेश भी दिया।



