स्पा में रेड की सूचना लीक हो जाने से पुलिस टीम बिल्डिंग में फंसी, सीढ़ी लगा निकाले मुलाजिम, मालिक फरार!

जालंधर : पिम्स के सामने स्थित क्रिस्टल स्पा सैंटर में रेड करने गई पुलिस करीब डेढ घंटे तक बिल्डिंग में फंसी रही। आखिरकार काफी समय बाद लकड़ी की सीढ़ी का इंतजाम हुआ और फिर जाकर 1 महिला और 2 पुरुष मुलाजिम नीचे उतर सके। हालांकि रेड की सूचना लीक हो जाने से छापेमारी के मात्र 5 मिनट पहले ही स्पा सैंटर का मालिक लड़कियां लेकर स्पा सैंटर का शटर लगा फरार हो गया था लेकिन ए.सी. चालू छोड़ गया।
थाना सात की पुलिस को सूचना मिली थी कि क्रिस्टल स्पा सैंटर में मसाज के नाम पर गलत काम होता है। ऐसे में थाना सात की पुलिस की गाड़ियां स्पा सैंटर के बाहर पहुंची तो शटर बाहर से लॉक था। पुलिस ने साथ वाली इमारत में जाकर स्पा सैंटर पर रेड करनी चाही तो कुछ समय बाद उस इमारत को भी नीचे से लॉक कर दिया गया। हालांकि स्पा सैंटर पर ताले लगे थे और ए.सी. चल रहा था जिससे क्लीयर हुआ कि कुछ समय पहले ही स्पा सैंटर का मालिक रेड की सूचना लीक होने पर फरार हो गया।
बिल्डिंग लॉक होने पर एक महिला व दो पुरुष मुलाजिम अंदर ही फंस गए। चाबी न मिलने पर पुलिस को लकड़ी की सीढी मंगवानी पड़ी और फिर जाकर मुलाजिमों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि थाने के एक मुलाजिम ने निजी फायदे के लिए सूचना लीक की जो एसएसओ के बेहद करीबी भी है। थाना सात की पुलिस का कहना है कि लगातार इस स्पा पर नजर रखी जाएगी।



