डिलीवरी बॉय लाखों के आईफोन लेकर रफूचक्कर,ऐप से डिलीवरी मंगाना पड़ा महंगा…

मुंबई के घाटकोपर इलाके में स्थित आईफोन स्टोर को डिलीवरी बॉय से आईफोन भिजवाना महंगा पड़ गया. डिलीवरी बॉय लाखों के आईफोन लेकर रफूचक्कर हो गया. यह घटना घाटकोपर स्थित ‘आई प्लैनेट’ iPlanet स्टोर की है. स्टोर प्रबंधन को अपने दो कीमती आईफोन घाटकोपर से ठाणे स्थित अपनी दूसरी ब्रांच में भेजने थे.
आईफोन लेकर डिलीवरी बॉय फरार
iPlanet स्टोर को अपने दो कीमती आईफोन ठाणे भेजने थे. इसके लिए उन्होंने ‘पोर्टर ऐप’ के जरिए एक डिलीवरी बुक की थी. तय समय पर डिलीवरी बॉय स्टोर पहुंचा और दोनों आईफोन लेकर ठाणे के लिए रवाना हो गया. कुछ दूर जाने के बाद, डिलीवरी बॉय ने बीच रास्ते में ही ऐप पर अपनी राइड कैंसिल कर दी.जब स्टोर कर्मियों ने उसे फोन करने की कोशिश की, तो उसने कॉल उठाना बंद कर दिया और उसका फोन स्विच ऑफ आने लगा.
कीमत डेढ़ लाख,आरोपी की तलाश जारी
चोरी हुए दोनों आईफोन की कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है. काफी तलाश करने के बाद भी जब डिलीवरी बॉय का कुछ पता नहीं चला, तो स्टोर प्रबंधन ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया. इस मामले में घाटकोपर के पार्क साइट पुलिस स्टेशन में संबंधित डिलीवरी बॉय के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है.पुलिस ऐप के डेटा और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.



