अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हुए संघर्ष ने दुनियाभर की एविएशन इंडस्ट्री को एक बड़े संकट में धकेल दिया है। एविएशन इंडस्ट्री के जेट फ्यूल की कीमतें कुछ ही हफ्तों में करीब दोगुनी हो गई हैं। पहले जेट फ्यूल 85 से 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब था, लेकिन हाल के हफ्तों में यह बढ़कर 150 से 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इसका सीधा असर आम यात्री की जेब पर पड़ रहा है। भारत में एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयह से लेकर दुनियाभर की डेल्टा, यूनाइटेड एयरलाइन, एयर फ्रांस जैसी बड़ी एयरलाइंस ने टिकट महंगे कर दिए हैं। इसके अलावा फ्लाइट्स घटाने के फैसले और फाइनेंशियल अनुमानों को बदलना पड़ा है।
भारतीय यात्रियों पर क्या असर पड़ेगा
भारत में की तीन बड़ी एयरलाइंस ने यात्रियों पर सीधे सरचार्ज लगाने की घोषणा कर दी है।
- Air India ने अपने फ्यूल सरचार्ज का तरीका बदल दिया है। पहले एक फ्लैट सरचार्ज था, लेकिन अब यह दूरी के हिसाब से तय होगा। 0 से 500 किलोमीटर के छोटे रूट पर 299 रुपए प्रति सेक्टर एक्स्ट्रा देने होंगे, जबकि 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी पर यह 899 रुपए तक पहुंच जाएगा। एयरलाइन ने बताया कि घरेलू रूट पर यह 8 अप्रैल से और अंतरराष्ट्रीय रूट पर 10 अप्रैल से लागू हो गया है।
- IndiGo, जो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है, उसने भी 2 अप्रैल से सभी नई बुकिंग पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का एलान किया है। डोमेस्टीक रूट पर यह सरचार्ज 950 रुपए प्रति सेक्टर तक हो सकता है, जबकि लंबी दूरी की इंटरनेशनल उड़ानों पर यह 10,000 रुपए तक जा सकता है।
- Akasa Air ने 15 मार्च से नई बुकिंग पर 199 से 1,300 रुपए तक का फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है। यह डोमेस्टीक और इंटरनेशनल दोनों रूट पर लागू है। एयरलाइन ने साफ कहा है कि 15 मार्च 2026 से पहले की बुकिंग पर यह नया सरचार्ज नहीं लगेगा।
दुनियाभर की एयरलाइंस में हलचल
जेट फ्यूल की कीमत में बढ़ोतरी से पैदा हुआ यह संकट केवल भारत तक सीमित नहीं है। पूरी दुनिया की एयरलाइंस इसका असर महसूस कर रही हैं।
- मलेशिया की AirAsia ने पूरे ग्रुप में 10 फीसदी उड़ानें काट दी हैं और करीब 20 फीसदी फ्यूल सरचार्ज लगाया है।
- फ्रांस की Air France KLM ने लंबी दूरी की उड़ानों के टिकट महंगे करने का फैसला किया है। एक राउंड ट्रिप पर 50 यूरो यानी करीब 5,000 रुपए का अतिरिक्त किराया लगेगा।
- न्यूजीलैंड की Air New Zealand संकट की खबर सामने आते ही सबसे पहले सतर्क होने वालों में थी। उसने मई और जून में उड़ानें कम करने और किराए बढ़ाने का फैसला किया, साथ ही पूरे साल की कमाई का अनुमान देने से मना कर दिया।
- अमेरिकी एयरलाइंस Delta ने अपनी क्षमता करीब 3.5 फीसदी घटाने और चेक्ड बैगेज फीस बढ़ाने का ऐलान किया। Delta के सीईओ ने कहा कि जब तक फ्यूल की कीमतें स्थिर नहीं होतीं, वे पूरे साल का फाइनेंशियल अनुमान नहीं देंगे।
- पाकिस्तान की PIA यानी Pakistan International Airlines ने भी घरेलू टिकट पर 20 डॉलर यानी करीब 1,660 रुपए और अंतरराष्ट्रीय टिकट पर 100 डॉलर यानी करीब 8,300 रुपए तक का सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है।
सामान पर भी लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज
सिर्फ टिकट नहीं, बल्कि सामान ले जाना भी अब ज्यादा महंगा हो गया है। अमेरिकी एयरलाइन Alaska Air ने पहले चेक्ड बैग पर 5 डॉलर यानी करीब 462 रुपए और दूसरे बैग पर 10 डॉलर यानी करीब 925 रुपए की बढ़ोतरी की है। तीसरे बैग का शुल्क तो 50 डॉलर से सीधे 200 डॉलर यानी करीब 18,500 रुपए कर दिया गया है।
American Airlines ने भी पहले और दूसरे चेक्ड बैग पर 10-10 डॉलर बढ़ाए हैं और तीसरे बैग पर 150 डॉलर की बड़ी बढ़ोतरी की है। इकोनॉमी क्लास यात्रियों की कुछ सुविधाएं भी कम की गई हैं।
Delta ने भी पहले और दूसरे बैग पर 10-10 डॉलर यानी करीब 925-925 रुपए और तीसरे बैग पर 50 डॉलर यानी करीब 4,629 रुपए की बढ़ोतरी की है।

