Apple New CEO: दुनिया की जानी-मानी टेक कंपनी एप्पल में नेतृत्व स्तर पर अहम बदलाव किया गया है. सोमवार को कंपनी ने ऐलान करते हुए जॉन टर्नस को नया CEO नियुक्त किया है. 50 वर्षीय टर्नस अब कंपनी की जिम्मेदारी संभालेंगे.
यह फैसला ऐसे वक्त पर लिया गया है जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बदलते दौर से गुजर रही है. मौजूदा CEO टिम कुक 1 सितंबर को पद छोड़ेंगे. हालांकि, वे कंपनी से जुड़े रहेंगे और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे. कुक साल 2011 से कंपनी की कमान संभाल रहे थे.
कौन हैं एप्पल के नए CEO जॉन टर्नस?
जॉन टर्नस एप्पल में काफी लंबे समय से काम कर रहे हैं और उन्होंने करीब 2001 में कंपनी जॉइन की थी. पिछले करीब 25 सालों में उन्होंने प्रोडक्ट डिजाइन और हार्डवेयर इंजीनियरिंग से जुड़े कई बड़े रोल संभाले हैं और कंपनी के अहम प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं.
एप्पल से पहले उनका अनुभव वर्चुअल रिसर्च सिस्टम में रहा है. उन्होंने पेनसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली है. करियर ग्रोथ की बात करें तो 2013 में वह हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट बने और 2021 में उन्हें कंपनी की एग्जीक्यूटिव टीम में शामिल किया गया.
टिम कुक ने क्या कहा?
टिम कुक ने जॉन टर्नस की खूब सराहना की हैं. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कुक ने कहा कि टर्नस में एक इंजीनियर का दिमाग और एक इनोवेटर की ऊर्जा हैं.
साथ ही उनके पास ईमानदारी के साथ नेतृत्व करने की क्षमता हैं. कुक ने टर्नस को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि एप्पल में उनके 25 साल के योगदान को शब्दों में बताना आसान नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि, कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए वे सही विकल्प हैं.
प्रोडक्ट डेवलपमेंट में बड़ी भूमिका
जॉन टर्नस ने एप्पल के कई बड़े प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट का हिस्सा रहे हैं. जिनमें iPhone, iPad, Mac, Apple Watch और AirPods शामिल हैं. हाल के समय में उन्होंने iPhone Air को पेश करने में अहम भूमिका निभाई थी.
इसके अलावा Mac की बिक्री को फिर से पटरी पर लाने में भी उनका योगदान अहम माना जाता है.

