पीएम नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) फ्रांस (France) और स्लोवाकिया (Slovakia) के लिए रवाना हो गए हैं। यह दौरा 13-18 जून तक रहेगा। रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फ्रांस और स्लोवाकिया में पीएम मोदी कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों में द्विपक्षीय बातचीत, बहुपक्षीय बैठकें और भारतीय समुदाय के साथ बातचीत शामिल होंगी। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि उनका मुख्य ध्यान आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर होगा।
भारत इनोवेट्स पर रहेगा जोर
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस दौरे की शुरुआत नीस में होने वाले कार्यक्रमों से होगी, जिसमें खास तौर पर ‘भारत इनोवेट्स’ शामिल है। इस कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) भी मौजूद रहेंगे। चूंकि भारत और फ्रांस मिलकर ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष’ मना रहे हैं, इसलिए ‘भारत इनोवेट्स’ एक ऐसा शानदार मंच होगा जो इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स और इनोवेशन की दुनिया से जुड़े लोगों को एक साथ लाएगा।”
मैक्रों के साथ होगी द्विपक्षीय बातचीत
पीएम मोदी ने बताया कि नीस में वह मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे। इस बातचीत के दौरान दोनों भारत-फ्रांस की विशेष वैश्विक रणनीतिक पार्टनरशिप पर चर्चा करेंगे।
स्लोवाकिया की आज़ादी के बाद भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा
पीएम मोदी 14 और 15 जून को स्लोवाकिया के दौरे पर रहेंगे। स्लोवाकिया की आज़ादी के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा होगा। पीएम मोदी देश की राजधानी ब्रातिस्लावा में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी (Peter Pellegrini) और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको (Robert Fico) के साथ बातचीत करेंगे। ब्रातिस्लावा में पीएम मोदी बड़े बिज़नेस लीडर्स के साथ भी बातचीत करेंगे। भारत-यूरोपीय यूनियन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारत और स्लोवाकिया के बीच मज़बूत कमर्शियल और व्यापारिक संबंधों के लिए अनगिनत अवसर मिलते हैं।
G7 शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
पीएम मोदी 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान पीएम मोदी कई ग्लोबल लीडर्स से मुलाकात करेंगे और अलग-अलग विषयों पर चर्चा करेंगे। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि भारत हमेशा ‘ग्लोबल साउथ’ की उम्मीदों और आकांक्षाओं को आवाज़ देने पर ध्यान देगा।
मैक्रों के साथ वीवाटेक 2026 में लेंगे हिस्सा
पीएम मोदी 18 जून को फ़्रांस लौटेंगे और पेरिस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ वीवाटेक 2026 कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम यूरोप में टेक और इनोवेशन से जुड़ा है। इसी दिन पीएम मोदी फ्रांस में भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत भी करेंगे।

