वाराणसी: राज्य जीएसटी विभाग में तैनात डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को विजिलेंस टीम ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उन्होंने टीम की पकड़ से बचने का प्रयास किया और मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की। इसके बाद विजिलेंस अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
GST फाइल के निस्तारण के बदले मांगी गई थी रकम
मामला बजरडीहा निवासी अजय कुमार मौर्य से जुड़ा है, जो ‘ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक हैं। उन्होंने फरवरी 2023 का जीएसटी रिटर्न समय पर दाखिल किया था, लेकिन कुछ आपत्तियों के चलते उनकी फाइल दोबारा जांच के लिए भेजी गई। शिकायत के अनुसार, फाइल को मंजूरी देने और टैक्स संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के एवज में डिप्टी कमिश्नर ने 50 हजार रुपये की मांग की थी।
व्यापारी की शिकायत के बाद तैयार हुई पूरी योजना
व्यापारी ने रिश्वत देने के बजाय विजिलेंस विभाग से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद रिश्वतखोरी पकड़ने के लिए ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई गई।

