मुरैना: एमपी के मुरैना जिले में सूखे कुएं में गिरे मोबाइल को निकालने के प्रयास में 26 वर्षीय कथावाचक शिवकुमार उपाध्याय की जहरीली गैस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। उन्हें बचाने उतरा दोस्त भी जहरीली गैस के कारण कुएं में ही बेहोश हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे बाहर निकाला। वहीं, सूचना के एक घंटे बाद बिना किसी आधुनिक उपकरणों के पहुंची एसडीईआरएफ की टीम पर परिजनों ने भारी लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
प्रशासनिक अधिकारियों के दखल और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही शव का पोस्टमार्टम हो सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुएं में गिरा मोबाइल, निकालने उतरे तो छूट गई रस्सी
श्यामपुर खुर्द निवासी और वर्तमान में रामनगर में रह रहे शिवकुमार उपाध्याय कथावाचक थे। वे रोज सुबह रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित खाकी की धर्मशाला परिसर में बने मंदिर में पूजा करने जाते थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब वे मंदिर के कुएं की मुंडेर पर लगी तुलसी के पत्ते तोड़ रहे थे, तभी उनकी जेब से मोबाइल कुएं में गिर गया।
सालों से बंद और पटियों से ढके इस कुएं से मोबाइल निकालने के लिए शिवकुमार ने रस्सी का इंतजाम किया और अपने दोस्त देवेश शर्मा सहित कुछ स्थानीय लोगों को मदद के लिए बुला लिया। दोस्तों के मना करने के बावजूद शिवकुमार रस्सी पकड़कर कुएं में उतरे, लेकिन करीब 15-20 फीट नीचे पहुंचते ही जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। उनके हाथ से रस्सी छूट गई और वे सीधे कुएं के तल में जा गिरे।

