दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे 20 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब छात्र अपनी महिला मित्र के साथ कार से जा रहा था और नांगल देवत क्षेत्र के पास एक तीखे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा. फिसलन भरी सड़क के कारण कार सड़क से नीचे नाले में जा गिरी और पलट गई. गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर फिसलन और वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है.
नाले में पलटी कार, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई की सुबह वसंत कुंज दक्षिण थाना क्षेत्र में सड़क हादसे की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक कार नाले के भीतर उल्टी पड़ी मिली. प्राथमिक जांच में पता चला कि कार 20 वर्षीय यशवेंद्र चला रहा था और उसके साथ एक युवती सह-यात्री के रूप में मौजूद थी.
तीखे मोड़ पर बिगड़ा संतुलन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों युवक-युवती पिछली रात अपने एक मित्र के घर रुके थे. शुक्रवार सुबह वे युवती के घर की ओर जा रहे थे. नांगल देवत ट्रैफिक सिग्नल के पास एक तीखा मोड़ लेते समय सड़क फिसलन भरी होने के कारण कार का नियंत्रण बिगड़ गया. इसके बाद वाहन सड़क से उतरकर नाले में जा गिरा और पलट गया.

