खौड़ : अखनूर के खौड़ इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है। दो युवक अचानक लापता हैं… और तलाश के दौरान चिनाब दरिया के किनारे मिले उनके कपड़े, चप्पल और मोटरसाइकिल ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
लापता युवकों की पहचान 35 वर्षीय राकेश सिंह और 30 वर्षीय गजे सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कल शाम से अचानक लापता हैं।
परिजनों ने जब दोनों की तलाश शुरू की, तो चिनाब दरिया के किनारे उनके कपड़े, चप्पल और मोटरसाइकिल मिलने की बात सामने आई। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए दरिया में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें चिनाब दरिया में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। रेस्क्यू टीमें दरिया के आसपास के संभावित स्थानों पर भी सर्च कर रही हैं।

