जालंधर। जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित रायल होटल के कमरे में करीब 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से सोमवार सुबह सनसनी फैल गई। युवती पिछले करीब दो दिनों से होटल के कमरा नंबर 102 में ठहरी हुई थी। सुबह करीब सात बजे होटल कर्मचारियों ने उसे कमरे में मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलते ही थाना तीन की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने उस युवक को पकड़ लिया है, जो युवती को होटल में लेकर आया था। बताया जा रहा है कि युवती की मौत के बाद युवक होटल से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और अब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय कमरे में कौन-कौन मौजूद था।

