अलवर : राजस्थान के अलवर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और गंभीर मामला सामने आया है जिसने स्कूलों की व्यवस्था, शिक्षकों के आचरण और बच्चों की सुरक्षा पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। थानागाजी इलाके के एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक शर्मनाक घटना घटी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 22 अगस्त को विभिन्न सोशल मीडिया चैनल्स और समाचार पत्र ऐप पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ जिसमें प्रधानाचार्य बांध में आपत्तिजनक स्थिति में नहाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
विभाग ने प्रथम द्दष्टया उनके इस कृत्य को नैतिक आचरण और लोकसेवक के लिए निर्धारित आचरण संहिता के विपरीत मानते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। जिसके बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय निदेशालय माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
फिलहाल थानागाजी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए हैं। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच की जा रही है।

