चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति और विकास योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में कई बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य सरकार ने चेन्नई के पास परंदूर में प्रस्तावित दूसरे एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को औपचारिक रूप से रद्द कर दिया है। विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि चेन्नई से लगभग 60 किलोमीटर दूर परंदूर में बनने वाले दूसरे हवाई अड्डे की योजना को जनहित में वापस ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बड़ी संख्या में लोगों का विस्थापन हो रहा था और उपजाऊ कृषि भूमि प्रभावित हो रही थी। पूर्ववर्ती डीएमके सरकार की नीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्र को इस प्रोजेक्ट के लिए चुनना गलत था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम द्वारा तकनीकी व्यवहार्यता का अध्ययन करने के बाद ऐसे नए स्थान का चयन किया जाएगा, जहां स्थानीय लोगों का विरोध न हो और कृषि भूमि व आवासीय क्षेत्रों को कम से कम नुकसान पहुंचे।
परंदूर एयरपोर्ट परियोजना रद्द करने पर भड़के पूर्व मंत्री
पूर्व मंत्री और डीएमके नेता थंगम थेनारसु ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि परंदूर को एयरपोर्ट के लिए चुनने से पहले तकनीकी व्यवहार्यता और चेन्नई की भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर कई स्थानों का अध्ययन किया गया था।
थेनारसु ने कहा कि दो रनवे बनाने की संभावनाओं पर भी विस्तृत अध्ययन किया गया था और उसके बाद ही परंदूर का चयन किया गया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार से भी परियोजना को लेकर आवश्यक मंजूरी ली गई थी। उनके मुताबिक, तमिलनाडु सरकार की ओर से परियोजना को बंद करने के संबंध में अभी तक केंद्र सरकार को कोई जानकारी नहीं दी गई है।
20 हजार करोड़ की थी परियोजना
पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने 2 अगस्त 2022 को करीब 20 हजार करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से परंदूर में चेन्नई का दूसरा एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की थी। प्रस्तावित एयरपोर्ट की सालाना क्षमता करीब 10 करोड़ यात्रियों की बताई गई थी।
परियोजना की घोषणा के बाद परंदूर और आसपास के गांवों के लोगों ने इसके विरोध में एक साल से अधिक समय तक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण से उनकी आजीविका और खेती प्रभावित होगी। जनवरी 2025 में तमिलगा वेट्री कझगम के अध्यक्ष विजय भी परंदूर पहुंचे थे और आंदोलन कर रहे ग्रामीणों के समर्थन में खड़े हुए थे।
खातों में सीधे ट्रांसफर होगी राशि
विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय ने राज्य की महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि ‘अन्नापूर्णी सुपर सिक्स’ योजना के तहत 14 जनवरी (पोंगल) से हर परिवार को सालाना 3 एलपीजी सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। इस योजना के लिए तमिलनाडु सरकार हर साल 4,000 करोड़ रुपए का बजट आवंटित करेगी। 2.5 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवारों, छोटे और सीमांत किसानों, दिव्यांग सदस्यों वाले परिवारों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को इस योजना के दायरे में रखा गया है।

