UP News : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अलीगंज थाना क्षेत्र के महोलिया गांव में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की DJ के पास से गुजरते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बेहद तेज आवाज में बज रहे डीजे के साउंड की वजह से महिला की जान गई है। मृतका की पहचान 60 वर्षीय कमला देवी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के महोलिया गांव की है। कमला देवी (60) अपनी बहू नानू के साथ गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रही थीं। परिवार के सदस्य डोरीलाल ने बताया कि मंदिर से करीब 400 से 450 मीटर पहले एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर तेज आवाज में डीजे बज रहा था।
उनके अनुसार, डीजे के पास से गुजरते ही कमला देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह सीना पकड़कर वहीं बैठ गईं। परिजनों का आरोप है कि तेज आवाज के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई। आंवला के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत उपाध्याय ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और उसे घर ले गए।

