उम्र सिर्फ एक नंबर है… हम अक्सर यह बात सुनते हैं, लेकिन आज आपको एक ऐसी कहानी सुनाते हैं जो इस बात को सच साबित कर देगी. 90 साल के एक जापानी बुजुर्ग तोशिसुके कानाजावा ने उम्र को मानो अपनी मुट्ठी में कर रखा है. 90 बरस की उम्र में, जहां लोग लाठी टेकने लगते हैं, वहां कानाजावा देश-विदेश के मंचों पर अपनी मस्कुलर बॉडी का लोहा मनवा रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अपने 90वें जन्मदिन के ठीक अगले दिन ‘ऑल जापान मास्टर्स फिटनेस चैंपियनशिप’ में 85 से अधिक उम्र की कैटेगरी का खिताब जीता. यह उनका 19वां राष्ट्रीय खिताब है.
लेकिन इस कहानी का सबसे दिलचस्प मोड़ है उनका खान-पान. आप सोच रहे होंगे कि इस उम्र में इतनी फौलादी बॉडी बनाने के लिए वह कितना मीट-मछली खाते होंगे? जवाब है- बिल्कुल नहीं. कानाजावा पिछले कई दशकों से शुद्ध शाकाहारी डाइट पर हैं. जब उन्होंने 50 साल की उम्र में दोबारा बॉडीबिल्डिंग शुरू की, तब से उन्होंने मीट या मछली को छुआ तक नहीं.
उनका खाना बेहद सीधा और सादा है. सुबह के नाश्ते में वह भूरा चावल (ब्राउन राइस), नट्टो (फर्मेन्टेड सोयाबीन) और मिसो सूप लेते हैं. दोपहर और रात के खाने में भी ब्राउन राइस के साथ जापानी मसाला फुरिकाके लेते हैं. इसके साथ ही वह दिन में तीन बार प्रोटीन ड्रिंक पीते हैं. कोई महंगा या फैंसी डाइट प्लान नहीं, बस सादा जीवन और अनुशासित खान-पान.
भारत में भी एंटी-एजिंग यानी उम्र के असर को कम करने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. हाल ही में ‘लोकलसर्कल्स’ के एक सर्वे में सामने आया कि हर छह में से एक भारतीय (लगभग 7.3%) अपनी डाइट सुधारकर, कसरत करके और सप्लीमेंट्स लेकर खुद को जवां बनाए रखने की कोशिश कर रहा है.
कानाजावा की इस फिटनेस के पीछे एक बेहद भावुक कहानी भी है. उन्होंने 34 साल की उम्र में बॉडीबिल्डिंग छोड़ दी थी. लेकिन जब 50 साल की उम्र में उनकी पत्नी बीमार पड़ीं, तो उन्हें खुश करने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए कानाजावा ने दोबारा जिम का रुख किया. आज उनकी पत्नी इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका प्यार कानाजावा में जोश बनकर दौड़ रहा है.
अब 90 की उम्र में भी वह रुकने वाले नहीं हैं. उनका सपना हॉलीवुड स्टार अर्नाल्ड श्वार्जनेगर से मिलने का है, जिन्हें वह सालों से अपना आदर्श मानते हैं. वह कहते हैं, “भले ही मैं अर्नाल्ड से सिर्फ 10 साल बड़ा हूं, लेकिन मैं उन्हें दिखाना चाहता हूं कि इस उम्र में भी मैं क्या कर सकता हूं.”

