नई दिल्ली: बीते दिन खबरें आईं कि बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब हो गई है, जिसके कारण केबीसी की शूटिंग रोक दी गई. हालांकि यह खबरें अफवाह साबित हुईं. इसी बीच बिग बी ने दीपावली के मौके पर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दी हैं लेकिन साथ ही उन्होंने अपनी सेहत को लेकर एक ऐसी बात कह दी है, जिसने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी है. बिग बी ने अपने टम्बलर ब्लॉग पर लिखा है कि जिस हाथ से वह लिखते हैं, उसमें कष्ट हो रहा है, जिस वजह से वह लोगों को जवाब देने में विलंब कर रहे हैं. अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग की शुरुआत दीपावली और चतुर्दशी की बधाई से की. उन्होंने लिखा, “सबको दीपावली की अनेक अनेक शुभकामनाएं और आज चतुर्दशी की भी बधाई व स्नेह, आदर, शुभ मंगल की प्रार्थनाएं. ईश्वर की कृपा सदा हमारे चारों तरफ हमें घेरे रहे, निरंतर और अपने आगोश में, कनिया से लगा के सांत्वना देती रहे.”
अमिताभ बच्चन ने दी दीपावली की बधाई
बिग बी ने आगे लिखा कि दीपावली पर उन्हें बहुतों की ओर से बधाई और भेंट मिल रही है. इतनी भेंट आ रही है कि अब उन्हें रखने की जगह कम पड़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि भेंट को सही तरह से न रखना उसका निरादर होगा, इसलिए जो भी लोग अपने स्नेह के अनुसार भेज रहे हैं, उसका वह अभिनंदन करते हैं, उसे मान्यता देते हैं और अपनी ओर से पत्र रूप में उत्तर देने का भी प्रयत्न कर रहे हैं.
इसी के साथ उन्होंने अपनी तकलीफ का भी जिक्र किया. बच्चन ने लिखा, “स्वयं लिखकर उत्तर देना चाह रहा था लेकिन हाथ चलाने में, जिस हाथ से लिखते हैं, कुछ कष्ट हो रहा है, इसलिए विलंब. क्षमा प्रार्थी हूं.” इसके बाद बिग बी ने ‘क्षमा प्रार्थी’ शब्द पर एक गहरी और दार्शनिक बात लिखी. उन्होंने कहा कि ऐसी दशा हो गई है कि पिछले दिनों से ये ‘क्षमा प्रार्थी’ का उच्चारण कई बार हो रहा है. तो अब क्या करें, परिस्थितियां कुछ ऐसी हो गई हैं कि माफी मांगने में देर नहीं लगती.
बिग बी ने मांगी माफी
अमिताभ ने लिखा, “क्षमा मांग लेनी चाहिए… मांगने से गलत तो नहीं कर रहे हैं… अगला या तो इनकार कर देगा, उसका तिरस्कार करेगा या फिर क्षमा को समझ जाएगा. क्षमा समझ जाएगा तो मन प्रसन्नचित हो जाएगा, हमारा… न माना तो उसका मन उचाट रहेगा.तो प्रसन्नचित या आक्रोश… प्रश्न ये है… एक में शांति और संतुष्टि… दूसरे में एक चुभन… अब आप निर्णय लीजिए, क्या आपको संतुष्टि स्वीकार है, या चुभन! बहुतों को ‘चुभन’ से प्रसन्नता मिलती है, कुछ को संतुष्टि. जीवन में विविधता, जीवन का रहस्य है. रहस्य भी मूर्धन्य, अनन्य, परिस्थितिजन्य होता है.
बिग बी की तबीयत के कारण रुकी हुई है केबीसी की शूटिंग
उधर, बिग बी के इस ब्लॉग के बीच उनकी सेहत को लेकर एक और खबर सामने आई है. सूत्रों ने हाल ही में आईएएनएस को बताया कि अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग पिछले एक हफ्ते से रुकी हुई है, जिसका कारण बिग बी की खराब तबीयत है. सूत्रों के अनुसार, शो के लिए शूट किए गए आखिरी बड़े सेलिब्रिटी एपिसोड में ‘रामायण’ की कास्ट – रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे शामिल थे. यह एपिसोड पहले ही शूट हो चुका है.

