छत्तीसगढ़ से 11 पदाधिकारी होंगे शामिल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे स्मारिका का विमोचन
रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के कोटा में आयोजित होगी। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ से भी महासंघ के 11 पदाधिकारी इसमें भाग लेंगे।
बैठक का प्रथम दिन शनिवार 3 अक्टूबर को दिगंबर जैन मंदिर के पास संत निवास, महावीर नगर द्वितीय, कोटा में आयोजित होगा। बैठक की अध्यक्षता भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. सी. एच. सुरेश, केरल करेंगे। इस दौरान विभिन्न राज्यों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अयोध्या में संपन्न राष्ट्रीय अधिवेशन की समीक्षा तथा आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की तिथि, राज्य एवं स्थान निर्धारित करने पर विचार-विमर्श होगा। राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन के आयोजन को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन रविवार 4 अक्टूबर को रामपुरा, कोटा स्थित सब्जी मंडी के पास गीता भवन में विशेष कार्यक्रम होगा। यहां अयोध्या राष्ट्रीय अधिवेशन के उपलक्ष्य पर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कर-कमलों से किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक संदीप शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ से बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के अगुवाई में श्रीमती द्रौपदी यादव (पत्थलगांव, जशपुर), बी. के. वर्मा, पी. आर. साहू (दुर्ग), जे. पी. मिश्रा, अनिल गोल्हानी, टी. पी. सिंह, बी. एस. दसमेर, एम. एन. पाठक (रायपुर), रामनारायण ताटी (जगदलपुर) तथा एस. सी. श्रीवास्तव (कांकेर) शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल 1 अक्टूबर को भगत की कोठी से कोटा के लिए रवाना होगा।
महासंघ की ओर से जारी संयुक्त विज्ञप्ति में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ रायपुर संभाग के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा एवं जिला रायपुर के अध्यक्ष आर. जी. बोहरे ने उक्त जानकारी दी।

