क्या आप भी रोज देर रात जागकर सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हैं? देर रात जागना सेहत पर बहुत बुरा असर डालता है. यह धीरे-धीरे आपके शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है. अगर आपको लगता है कि सुबह देर तक सोने से नींद पूरी हो जाती है, तो फिर कोई समस्या नहीं है. लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल भी सही नहीं है. आइए जानते हैं देर रात सोने से शरीर को क्या क्या नुकसान हो सकता है और इससे हम कैसे ठीक कर सकते है.
देर रात सोने से सर्केडियन रिदम पर होता है असर: डॉ. शालिनी सिंह सालुंके
डॉक्टर शालिनी सिंह सालुंके के मुताबिक, अगर आप रोज रात को 10 बजे के बाद सो रहे हैं, तो आपका शरीर और दिमाग दोनों खतरे में हैं. रात में देर तक जागने से शरीर को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं. लेट नाइट सोने के कारण आपकी सर्केडियन रिदम खराब हो जाती है, जिसके कारण हार्मोनल इंबैलेंस की समस्या होने लगती है.
रात में बढ़ती है भूख, बढ़ सकता है वजन
देर रात जागने से भूख भी लगती है. इस वजह से लोग रात में कुछ भी खा लेते हैं. इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ता है और फिर यही डायबिटीज का कारण बन सकता है. इसके साथ ही वजन भी बढ़ता है.
देर रात सोने से होते है मूड स्विंग्स
रोज रात को देर से सोने पर शरीर में कॉर्टिसोल बढ़ता चला जाता है. इससे आपकी सेहत खराब होती है और आप उम्र से पहले बूढ़े दिखने लग सकते हैं. वहीं, देर से सोने से मूड स्विंग्स भी बहुत होते हैं. साथ ही क्रेविंग्स बढ़ती हैं और आप ठीक से फोकस भी नहीं कर पाते हैं. एंग्जाइटी और डिप्रेशन भी इसी वजह से महसूस हो सकता है.
काम और पढ़ाई पर भी पड़ता है असर
ये सभी कारण आपके काम और पढ़ाई दोनों को बुरी तरह प्रभावित करते हैं. साथ ही, लेट सोने से हाई ब्लड प्रेशर और हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या भी हो सकती है. इसलिए देर से सोना आपकी सेहत के लिए कहीं से भी फायदेमंद नहीं है.
सोने का समय करें निश्चित
इसलिए जरूरी है कि आप अपने सोने का समय निश्चित करें. कोशिश करें कि रोज एक तय समय पर सोएं और सुबह भी एक तय समय पर उठें. हो सके तो सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल और दूसरे स्क्रीन वाले डिवाइस से दूरी बना लें. रात को बेवजह सोशल मीडिया स्क्रॉल करने से बचें और सोने से पहले खुद को रिलैक्स करने की कोशिश करें. अगर देर रात तक जागने की आदत लंबे समय से बनी हुई है, तो इसे एकदम बदलने के बजाय धीरे-धीरे सोने का समय पहले करने की कोशिश कर सकते हैं. पर्याप्त और नियमित नींद शरीर और दिमाग दोनों के लिए जरूरी है. अगर नींद से जुड़ी परेशानी लगातार बनी रहती है या दिनभर के काम पर इसका असर पड़ रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.

