अमेरिका में इलिनॉय राज्य के पैलेटिन शहर में पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर हमला करने की योजना बनाने का आरोप है। अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस नाम के इस व्यक्ति के पास राइफल, सैकड़ों गोलियां और सामरिक सामान मिला। उसकी दस्तावेज में दक्षिण एशियाई, खासकर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ नफरत भरी बातें लिखी थीं। पुलिस का कहना है कि हमला 11 अक्टूबर को हो सकता था, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ी त्रासदी टल गई। यह घटना भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए सुरक्षा की नई चुनौती पेश करती है।
अभियोजकों के अनुसार, युवक टैको बेल में काम करता था। उसने सहकर्मियों से नस्लीय टिप्पणियां कीं, नाजी विचारों की बातें कीं और भारतीयों के प्रति विशेष नफरत जताई। शनिवार को उसने कहा कि वह भारतीयों को मारना चाहता है और ऑरोरा के सबसे बड़े हिंदू मंदिर पर हमला करेगा। रविवार को उसने बताया कि वह दिन खास होगा। कुछ रिपोर्टों में दावा है कि वह मंदिर पहुंचा भी, लेकिन बंदूक जाम हो गई, जिसके बाद वह घर लौट आया और इंटरनेट पर जानकारी खोजने लगा। सहकर्मी ने पुलिस को सूचित किया।
भारतीय कंसुलेट जनरल का आधिकारिक बयान
“कंसुलेट को इलिनॉय के ऑरोरा में एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश से जुड़ी खबरों पर कहा- उन्हें पूरी जानकारी हम समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों (Law Enforcement Agencies) की सराहना करते हैं। हम इस मामले में भारतीय समुदाय के लोगों के लगातार संपर्क में हैं और पूरे घटनाक्रम पर बेहद करीब से नजर बनाए हुए हैं।”
पैलेटिन पुलिस ने खोला साजिश का पर्दा
पैलेटिन पुलिस चीफ विलियम नॉर्ड ने कहा कि इस धमकी की गंभीरता को कम नहीं आंका जा सकता। दोनों पुलिस विभागों के तालमेल और एफबीआई की सहायता से संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। उन्होंने उस व्यक्ति का आभार जताया जिसने पहले जानकारी दी। पूजा स्थलों की सुरक्षा प्राथमिकता बताई गई। युवक पर आतंकवादी धमकी (क्लास एक्स फेलेनी) और अवैध हथियार रखने के आरोप लगे। अदालत ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया। अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को है।
यह घटना ऐसे समय हुई जब हाल ही में ओहियो के रिचमंड हाइट्स में एक हिंदू मंदिर की खिड़कियां तोड़ी गईं। वहां कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन समुदाय में बेचैनी बढ़ी। अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की संख्या बढ़ने के साथ पूजा स्थलों पर सुरक्षा चिंताएं भी बढ़ रही हैं। कई रिपोर्टों में एंटी-हिंदू घृणा अपराधों में वृद्धि का जिक्र मिलता है। नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान ऐसे खतरे और गंभीर हो जाते हैं।
मंदिरों को सतर्क किया गया, जांच जारी
पुलिस ने ऑरोरा पुलिस को भी आगाह किया और क्षेत्र के हिंदू मंदिरों को सतर्क किया। अभी तक कोई और खतरा नहीं बताया गया है। भारतीय-अमेरिकी संगठन सुरक्षा बढ़ाए जाने और ऐसे विचारों पर नजर रखने की मांग कर रहे हैं। समय पर सूचना और पुलिस कार्रवाई ने संभावित बड़ी घटना को रोक लिया। जांच जारी है और आगे और आरोप लग सकते हैं। यह मामला दिखाता है कि नफरत भरी विचारधारा कितनी खतरनाक हो सकती है और समुदाय की सतर्कता कितनी जरूरी है।

